Wednesday, October 28, 2009

साहित्य समाचार


अशोक चक्रधर होंगे केंद्रीय हिन्दी संस्थान ने नए निदेशक
आगरा, 29 अक्टूबर
जाने माने हिन्दी कवि-व्यंग्यकार और लेखक अशोक चक्रधर को केंद्रीय हिन्दी संस्थान का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्यकारी निदेशक और केंद्रीय हिन्दी संस्थान आगरा के वरिष्ठ प्रोफेसर रामवीर सिंह के स्थान पर श्री चक्रधर की नियुक्ति की गई है। अशोक चक्रधर 30 अक्टूबर को अपना कार्यभार संभालेंगे। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया में अरसे तक हिन्दी के प्रोफेसर रहे अशोक चक्रधर ने गजानन माधव मुक्तिबोध पर अपनी पीएचडी की है,तो मंच के भी सबसे सक्रिय और लोकप्रिय कवियों में उनका नाम शुमार है।
गौरतलब है कि केंद्रीय हिन्दी संस्थान हिन्दी को लेकर काम करने वाली एक राष्ट्रीय महत्व की संस्था है, जिसके देशभर में आगरा मुख्यालय को छोड़कर दिल्ली, गुवाहाटी, दीमापुर मिलाकर कुल आठ केंद्र हैं। इस संस्थान के पूर्व निदेशक शंभुनाथ पिछले साल नवंबर में निदेशक पद से मुक्त हुए। उनके संस्थान छोड़ने से पूर्व ही नए निदेशक पद के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। समाचार पत्रों में इस संबंध में विज्ञापन भी निकल चुके थे। लेकिन नये निदेशक का चुनाव नहीं हो पाया। फिर आगरा संस्थान के वरिष्ठ प्रोफेसर रामवीर सिंह को ही संस्थान का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया। पूर्व निदेशक द्वारा भाषा एवं साहित्य से संबंधित शुरू की गयी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं उनके जाने के बाद से ही ठप हैं। लेकिन, अब नए निदेशक की नियुक्ति के बाद माना जा रहा है कि केंद्रीय हिन्दी संस्थान की परियोजनाएं नए सिरे से परवान चढ़ेंगी।

No comments:

Post a Comment