जिला स्तरीय पायका खेल प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ
चूरू, ०६ नवंबर। जिला मुख्यालय स्थित जिला स्टेडियम में पंचायत युवा क्रीड़ा एवं खेल अभियान योजना 'पायका` के तहत जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक निसार अहमद ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेलों से जिंदगी में अनुशासन आता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम 'फाउल` करने पर खेल मैदान से बाहर कर दिए जाते हैं, उसी प्रकार जिंदगी में भी हम फाउल कर दिए जाने पर अपनी संभावनाएं खो देते हैं। खेल की तरह ही जीवन के भी नियम होते हैं जिनका पालन करने पर ही हमें सफलता मिलती है। अनुशासनहीन होकर हम अपना बुरा स्वयं कर लेते हैं और हमारे अपने ही लोग हम पर शर्म महसूस करने लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं पर राष्ट्र-निर्माण की जिम्मेदारी हैं, इसलिए अपनी जिम्मेदारी समझें और एक बेहतर नागरिक बनकर देश और समाज की रचना में अपना सकारात्मक योगदान दें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर बी एल मेहरड़ा ने कहा कि मैदान में हार-जीत से भी अधिक महत्वपूर्ण होती है खेल भावना। इसलिए खेल के मैदान में भी और मैदान के बाहर भी हमेशा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से की गई मेहनत ही खेल के मैदान में सफल बनाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण पंरपरागत खेलों को आगे बढाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होेंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का लाभ उठाकर ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। जिला खेल अधिकारी अनिरूद्ध सिंह ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित किए जाकर खेल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं ताकि ग्रामीण प्रतिभाएं तैयार होकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष ठाकुर मल शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामजीलाल मीणा, वेदप्रकाश शर्मा थे। संचालन योगाचार्य मनोज शर्मा ने किया। इससे पूर्व खेल प्रशिक्षक रमेश पूनिया, जगराज गौड़, मोहनसिंह नेहरा, हनुमानमल चौधरी आदि ने माल्यार्पण से अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर खेल प्रशिक्षक सफी मोहम्मद, धर्मपाल धांधू, दिलीप नेहरा, योगेश तिवाड़ी, भंवरलाल शर्मा, संजय पूनिया, प्यारेलाल फगेड़िया सहित आयोजन से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक व संभागी मौजूद थे। जिला खेल अधिकारी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में ब्लॉक स्तर पर चयनित टीमें व खिलाड़ी भाग ले रहे हैंं। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, वॉलीबाल, कुश्ती, हैंडबाल, जिम्नास्टिक, जूडो, भारोत्तोलन, एथलेटिक्स आदि स्पर्धाएं होंगी। शनिवार को प्रतियोगिता के समापन के बाद जिला कलक्टर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में विजेता टीमों व खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment